स्वायत्त शासन मंत्री ने किया 6 करोड़ के विकास कार्यो का शिलान्यास
विकास कार्यो में गुणवत्ता भी होगी और समयबद्धता भी होगी
कोटा शहर में हजारों करोड़ के होंगे विकास कार्य, पर्यटन हब के रूप में करेंगे विकसित
-स्वायत्त शासन मंत्री
जयपुर, 12 जनवरी। स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि आगामी 4 साल में कोटा शहर में तीन से चार हजार करोड़ के विकास कार्य कराये जाकर पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यो में गुणवत्ता भी होगी और समयबद्धता भी होगी, आमजन विकास की गति में साथ चलने के लिए कार्यो पर निगरानी रखकर मॉनिटरिंग करें।
स्वायत्त शासन मंत्री रविवार को कोटा उत्तर विधानसभा क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के समीप वार्डो में नगर निगम द्वारा 6 करोड़ 12 लाख रूपये की लागत से कराये जा रहे विकास कार्यो का शिलान्यास के समय उपस्थित जनसमुह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यो में किसी भी क्षेत्र को अछूता नहीं छोड़ा जायेगा, आधारभूत सुविधाओं के लिए समय पर विकास कार्य कराये जायेंगे। उन्होंने कहा कि 550 करोड़ के कार्य सीवरेज के प्रगति पर हैं जिनके पूरा होने पर शहर में सीवरेज की समस्या से स्थाई निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि 30 करोड़ के कार्य निगम द्वारा कराये जा रहे हैं तथा 30 करोड़ का बजट नगर निगम को और दिया गया है। जिससे विकास से अछूते सभी क्षेत्रों में प्राथमिकता से कार्य कराये जायेंगे।
स्वायत्त शासन मंत्री ने कहा कि कोटा श्हर में आने वाले 4 सालों में 3 से 4 करोड़ के विकास कार्यो का प्लान तैयार किया जा रहा है। जिससे कोटा आने वाले दिनों में पर्यटन सिटी के रूप में भी अपनी नई पहचान बनायेगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यो में बजट की कमी नहीं रहेगी कार्यो की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाकर स्थानीय नागरिकों को भी निगरानी के लिए जागरूक किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ ही आमजन की समस्या निराकरण के लिए भी संवेदनशीलता से कार्य कर रही है। पहलीबार किसानों को फसल खराबे का 18 करोड़ रूपये बीमा क्लेम के रूप में प्रदान किये गये हैं। पिछले दिनों चम्बल में अधिक पानी की आवक से प्रभावित 1500 परिवारों को प्रति आवास एक लाख रूपये की सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अधिक वर्ष से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्त के लिए 5 करोड़ रू जारी किये जा चुके हैं 10 करोड़ रूपये और स्वीकृत कराये जायेगे जिससे क्षतिग्रस्त सभी सड़के गुणवत्ता युक्त सीसी बनवाई जा सके।
स्वायत्त शासन मंत्री ने कहा कि नगर निगम को शहर में सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष ध्यान देना होगा जिसमें आम नागरिक भी उत्तरदायित्व के साथ सहयोगी बनकर निगम का साथ दे। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत शहर के प्रत्येक वार्ड में दो कचरा वाहन क्रय कर लगाने के लिए प्लान बनया जा रहा है। सीवरेज की सफाई के लिए आधुनिक मशीन एवं फायर के लिए नीदरलैण्ड से उच्च क्षमता की मशीन मंगवाई जायेगी जिससे मल्टी स्टोरी में घटनाओं पर काबू पाया जा सके।
नगर निगम प्रशासक वासुदेव मालावत ने विकास कार्यो के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए वार्ड 11,12,13,37 व 38 में सीसी सड़क निर्माण,नाली निर्माण, डामर सड़क के कार्य लिये गये हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे कराये जायेंगे। इस अवसर पर जिला कलक्टर ओम कसेरा, उपायुक्त नगर निगम कीर्ति राठौड़, राजपालसिंह, अशोक त्यागी, नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अनिल सुवालका सहित गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहा।
---